लेखराम पार्क स्थित दैनिक इंडिया न्यूज़ कार्यालय में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लोगों ने लिया चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और जनकल्याण का दिया संदेश

दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली। जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य तभी सार्थक होता है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी भावना को केंद्र में रखते हुए पूर्व मुंडका विधायक सुखबीर सिंह दलाल और दैनिक इंडिया न्यूज़ के संयुक्त तत्वावधान में मुंडका विधानसभा क्षेत्र के टिकरी बॉर्डर मेट्रो स्टेशन के समीप स्थित लेखराम पार्क में मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। दैनिक इंडिया न्यूज़ के कार्यालय परिसर में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर में आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे और चिकित्सकों से अपने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर परामर्श प्राप्त कर लाभान्वित हुए।
शिविर में लोगों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को चिकित्सकों के समक्ष रखा तथा आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्राप्त किया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता ने यह स्पष्ट किया कि क्षेत्र में ऐसी स्वास्थ्य सेवाओं की कितनी आवश्यकता है। शिविर का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और उन्हें सहज रूप से चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना रहा।