थाना समाधान दिवस पर दक्षिण टोला थाने में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन और पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं; राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम को स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली।भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में अब केवल कागजी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा। फरियादियों को न्याय दिलाने के लिए राजस्व और पुलिस विभाग को मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की पड़ताल करनी होगी। शनिवार को थाना समाधान दिवस के अवसर पर मऊ के दक्षिण टोला थाने में जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन और पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार मिश्रा ने जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को यह स्पष्ट निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जनसुनवाई के दौरान सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद से संबंधित सामने आईं। इस पर जिलाधिकारी ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर संबंधित मामलों में मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ विवादित स्थलों की वास्तविक स्थिति का जायजा लें और तथ्यों के आधार पर शिकायतों का निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से समाधान सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और फरियादियों की संतुष्टि को विशेष महत्व देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामलों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और न ही शिकायतकर्ताओं को बार-बार अधिकारियों एवं कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ें। इसके लिए संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या की प्रकृति समझें और नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई करें।
थाना समाधान दिवस में राजस्व विभाग के संबंधित कर्मचारी, थानाध्यक्ष तथा थाने के अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।