2027 के चुनाव से पहले लखनऊ भाजपा के आईटी और सोशल मीडिया नेटवर्क पर गंभीर सवाल; मंडल स्तर पर निष्क्रियता, आपसी खींचतान और व्यक्तिगत महिमामंडन के आरोप, समर्थक कार्यकर्ताओं को भी समूहों से बाहर करने की शिकायतें
दैनिक इंडिया न्यूज़, नई दिल्ली।जिस सोशल मीडिया को भाजपा अपनी सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत बताती रही है, लखनऊ में उसी मोर्चे पर संगठन की स्थिति सवालों के घेरे में है। डिजिटल प्रचार की कमान संभालने वाले पदाधिकारियों के अपने सोशल मीडिया खातों पर सीमित फॉलोअर्स, मंडल स्तर पर निष्क्रिय नेटवर्क और कार्यकर्ताओं के बीच बढ़ती दूरी ने संगठन की तैयारियों की पोल खोलनी शुरू कर दी है। 2027 के विधानसभा चुनाव की आहट के बीच सवाल यह है कि जब डिजिटल टीम अपने ही प्रभाव का विस्तार नहीं कर पा रही, तो विपक्ष के हमलों का जवाब और सरकार की उपलब्धियों का प्रचार कैसे करेगी?
महानगर, जिला और युवा मोर्चा की सोशल मीडिया टीम के उपलब्ध आंकड़े भी कई सवाल खड़े करते हैं। कहीं इंस्टाग्राम पर महज 84 फॉलोअर्स हैं तो कहीं 100 के आसपास। आईटी और सोशल मीडिया की जिम्मेदारी संभालने वाले कुछ पदाधिकारियों के खातों की पहुंच भी अपेक्षा के अनुरूप नहीं दिखती। हालांकि, फॉलोअर्स किसी की कार्यक्षमता का अकेला पैमाना नहीं हैं, लेकिन डिजिटल प्रचार की जिम्मेदारी निभाने वालों के नेटवर्क की प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
सबसे गंभीर स्थिति संगठनात्मक समन्वय को लेकर बताई जा रही है। आरोप हैं कि मंडल स्तर पर डिजिटल टीमें सक्रिय नहीं हैं। पार्टी के समर्थन में खड़े होने वाले सामाजिक प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को भी कुछ व्हाट्सएप समूहों तथा टीमों से बाहर किया जा रहा है। सवाल है कि जो लोग पार्टी के पक्ष में आवाज बुलंद करना चाहते हैं, उन्हें साथ जोड़ने के बजाय उनसे दूरी क्यों बनाई जा रही है?
संगठन के भीतर व्यक्तिगत महिमामंडन और अपनी हनक बनाए रखने की प्रवृत्ति के आरोप भी चर्चा में हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि कुछ पदाधिकारियों के लिए संगठन का विस्तार और चुनावी जिम्मेदारी पीछे छूटती दिखाई दे रही है, जबकि अपनी छवि चमकाना प्राथमिकता बनता जा रहा है। एमएलसी चुनाव में मिली हार के बाद भी यदि संगठन ने अपनी कार्यशैली की गंभीर समीक्षा नहीं की, तो यह चिंता और बढ़ाने वाला विषय है।
महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने डिजिटल टीम को वार्ड से बूथ स्तर तक सक्रिय बताते हुए कमियों में सुधार की बात कही है। जिला अध्यक्ष विजय मौर्य ने आईटी प्रभारी के अस्वस्थ होने के कारण जिम्मेदारी विपिन सक्सेना को सौंपे जाने की जानकारी दी है। युवा मोर्चा अध्यक्ष ने भविष्य में नई सोशल मीडिया टीम गठित करने की बात कही है।
लेकिन सवाल अब भी कायम है—क्या लखनऊ भाजपा में संगठन कार्यकर्ताओं से चलेगा या कुछ पदाधिकारियों की व्यक्तिगत हनक से? प्रदेश नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए भी यह समीक्षा का विषय है। क्योंकि चुनाव केवल पोस्ट, तस्वीरों और फॉलोअर्स से नहीं जीते जाते; उसके लिए जमीन पर सक्रिय कार्यकर्ता और एकजुट संगठन चाहिए।