17 सितंबर को लक्ष्मण मेला मैदान के छठ घाट पर गोमती और घाट की सफाई, ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत वृक्षारोपण; सैकड़ों कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी
दैनिक इंडिया न्यूज़, लखनऊ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को अखिल भारतीय भोजपुरी समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ गोमती तट पर श्रमदान करेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय के नेतृत्व में लखनऊ के लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ घाट पर समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता गोमती नदी तथा घाट की सफाई करेंगे। इसी दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया जाएगा।
समाज ने जन्मदिन समारोह को केवल आयोजन तक सीमित रखने के बजाय सार्वजनिक स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की तैयारी की है। सफाई और वृक्षारोपण के साथ फल वितरण सहित सेवा के अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। संगठन के अनुसार, इन गतिविधियों में सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे।
प्रभुनाथ राय के नेतृत्व में होने वाले कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामयतन यादव, राष्ट्रीय महामंत्री मनोज सिंह, राष्ट्रीय सचिव वेद प्रकाश राय, मनीष पोद्दार, संजय सिंह, लोक गायक अवधेश, एसपी चौहान, अंगद राम ओझा, विक्रम कुशवाहा, कपिल देव कुशवाहा और सुनील सिंह सहित समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम का प्रमुख केंद्र लक्ष्मण मेला मैदान का छठ घाट होगा, जहां सामूहिक श्रमदान के जरिए स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा। गोमती की सफाई और वृक्षारोपण के माध्यम से भोजपुरी समाज प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा तथा पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने जा रहा है।